
देश में कोविड रोगियों की संख्या घट रही है और यह सकारात्मक संकेत है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या निरन्तर बढ रही है। हालांकि देश के कई राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में कोविड के अधिक मामले आ रहे हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि कुल संक्रमित लोगों में से 16 दशमलव पांच दो प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है। इस समय देश में 37 लाख 54 हजार से अधिक रोगी हैं।
पिछले कई दिनों से तीन लाख से अधिक रोगी स्वस्थ हो रहे हैं और स्वस्थ होने की दर बढकर 82 दशमलव तीन आठ प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान तीन लाख 53 हजार से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं। देश में अब तक एक करोड 86 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं।
कल तीन लाख 66 हजार से अधिक रोगियों की पुष्टि हुई है। मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान तीन हजार 754 लोगों की मौत हुई है। इसे मिलाकर देश में मरने वालों की संख्या बढकर दो लाख 46 हजार से अधिक हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा परिषद ने बताया कि कल 14 लाख 74 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई है।