
देश में अब तक 18 करोड़ 22 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये गये हैं। 96 लाख 42 हजार से अधिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का पहला टीका लगाया जा चुका है जबकि 66 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता दूसरा टीका भी लगवा चुके हैं। एक करोड़ 44 लाख से अधिक अग्रिम पंक्ति के कार्यकताओं ने पहले टीका लगवा लिया है, जबकि 81 लाख से अधिक ने दूसरा टीका भी लगवा लिया है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि कल 17 लाख 33 हजार से अधिक कोविड टीके लगाए गए। इनमें से 11 लाख 19 हजार से अधिक लोगों ने पहला और लगभग छह लाख लोगों ने दूसरा टीका लगवाया है।
मंत्रालय ने बताया है कि कल 18 से 44 वर्ष के पांच लाख 58 हजार से अधिक लोगों को पहला टीका लगाया गया है। इस आयु वर्ग में अब तक 48 लाख 21 हजार से अधिक टीके लगाए गये हैं। कोविड टीकाकरण अभियान का आसान और त्वरित चरण पहली मई से आरंभ हुआ था।