
केन्द्र ने कहा है कि राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के लिए अगले महीने लगभग 12 करोड़ टीके उपलब्ध होंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के लिए छह करोड़ नौ लाख से अधिक कोविड टीकों की आपूर्ति की जाएगी। ये टीके स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं के प्राथमिक समूहों, कोविड योद्धाओं और 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए होंगे। ये टीके केन्द्र सरकार नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी।
इसके अतिरिक्त पांच करोड़ 86 लाख से अधिक टीके सीधे राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों तथा निजी अस्पतालों को खरीद के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
महामारी के प्रबंधन और इसके नियंत्रण में केन्द्र सरकार के लिए जांच, तलाश, निदान और कोविड मानकों का पालन के साथ ही टीकाकरण एक महत्वपूर्ण रणनीति है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के लिए केन्द्र सरकार राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को नि:शुल्क कोविड टीका उपलब्ध करा रही है।
मंत्रालय ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने अगले महीने उपलब्ध होने वाले टीकों का पूरा ब्यौरा राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को उपलब्ध करा दिया है। मौजूदा माह में टीकाकरण अभियान के लिए सात करोड़ 94 लाख से अधिक डोज उपलब्ध कराई गई हैं।