
सातवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज मनाया जा रहा है। इस वर्ष के योग दिवस का मुख्य विषय है- आरोग्य के लिए योग। यह वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप है। कोविड महामारी और एकत्रित होने की गतिविधियों पर प्रतिबंध को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का दूरदर्शन के सभी चैनलों पर प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह साढे छह बजे मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और इसके बाद योग से जुडे सभी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। आयुष राज्यमंत्री किरेन रिजीजू भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन किया जाएगा।
विश्व के करीब 190 देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आकाशवाणी से बातचीत में संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि उनका मंत्रालय इस वर्ष योग भारतीय धरोहर अभियान के अंतर्गत योग दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि संस्कृति मंत्रालय ने देश में ऐसे 75 सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थानों का पता लगाया है जहां कोविड मानकों का पालन करते हुए योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
संस्कृति मंत्री ने यह भी कहा कि योग महामारी के दौरान काफी लाभदायक रहा है क्योंकि इससे लोगों को कोविड के बाद हुई परेशानियों से उबरने में मदद मिलती है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसम्बर 2014 को एक प्रस्ताव पारित करके 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया था। वर्ष 2015 से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्व भर में स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक आंदोलन के रूप में आगे आया है। योग दिवस का आयोजन समयानुकूल है क्योंकि कोविड महामारी के बाद आज सभी के लिए स्वास्थ्य को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।