
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नए मंत्रिपरिषद के विभागों की घोषणा कर दी गई है।
श्री अमित शाह गृह विभाग के अलावा नए सहकारिता मंत्री बनाए गए हैं। धर्मेन्द्र प्रधान नए शिक्षा मंत्री होंगे। उन्हें कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय का प्रभार भी दिया गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया नागरिक उड्डयन मंत्री बनाए गए हैं। किरेन रिजिजू कानून मंत्री होंगे।
हरदीप सिंह पुरी पेट्रोलियम मंत्री बनाए गए हैं। वे आवासन और शहरी विकास मंत्रालय के मंत्री बने रहेंगे। अनुराग ठाकुर नए सूचना और प्रसारण मंत्री होंगे। उन्हें युवा कार्य और खेल मंत्रालय भी दिया गया है।
मनसुख मंडाविया को नया स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। उनके पास रसायन और उर्वरक मंत्रालय भी रहेगा। सर्वानंद सोनोवाल नए पोत परिवहन और जहाजरानी मंत्री होंगे। उन्हें आयुष मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। श्री सोनोवाल असम के मुख्यमंत्री थे और उन्होंने नरेन्द्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान केन्द्रीय राज्यमंत्री के रूप में भी काम किया था।
ओड़िसा से राज्यसभा सांसद अश्वनी वैष्णव को रेलवे, संचार और इलेक्ट्रानिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का कार्यभार आवंटित किया गया है। वे आई आई टी कानपुर और व्हार्टन स्कूल पेंसिलवानिया के छात्र रहे थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी भी थे। उन्होंने जनरल इलैक्ट्रिक और सीमेंस जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भूपेन्द्र यादव श्रम मंत्री होंगे। पेशे से वकील भूपेन्द्र यादव भारतीय जनता पार्टी के महासचिव भी हैं।
जनता दल युनाइटेड के नेता रामचंद्र प्रसाद सिंह को इस्पात मंत्री बनाया गया है। पूर्व आई ए एस अधिकारी आर पी सिंह इस समय जनता दल युनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
एल.जे.पी. के नेता पशुपति कुमार पारस खाद्य प्रसंसस्करण उद्योग मंत्री होंगे। वे सात बार बिहार में विधायक रहे और राज्यमंत्री के रूप में भी कार्य किया।
डॉ. वीरेन्द्र कुमार को नया सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री बनाया गया है। वे मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्यमंत्री थे।
नारायण राणे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री होंगे। वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी थे।
परषोत्तम रूपाला को मत्स्य, पशु पालन और डेरी विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राजकुमार सिंह कैबिनेट मंत्री के रूप में बिजली तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे।
गिरिराज सिंह को ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री बनाया गया है। जी. किशन रेड्डी नए संस्कृति और पर्यटन मंत्री होंगे। पीयूष गोयल वाणिज्य मंत्रालय में बने रहेंगे और उपभोक्ता, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय तथा कपड़ा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
मीनाक्षी लेखी विदेश मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाई गई हैं। डॉक्टर एल. मुरुगन सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री होंगे। वे मत्स्य, पशुपालन और डेरी मंत्रालय में भी राज्य मंत्री रहेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह को विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालयों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्रीपद यशो नाइक पोत परिवहन, जहाजरानी और जलमार्ग तथा पर्यटन मंत्रालय में राज्यमंत्री होंगे। पंकज चौधरी और डॉक्टर भागबत कराड वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री रहेंगे। डॉक्टर राजकुमार रंजन सिंह विदेश मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाए गए हैं। अजय भट्ट रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री होंगे। अजय कुमार और निसीत प्रमाणिक को गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। डॉक्टर भारती प्रवीन पवार स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री होंगी। बिश्वेश्वर टुडू जनजातीय कार्य और जलशक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री होंगे। अनुप्रिया सिंह पटेल को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। अन्नपूर्णा देवी और सुभाष सरकार शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाए गए हैं। जॉन बारला अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री होंगे।