
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर फूट डालो और राज करो की नीति अपनाने का आरोप लगाया है। श्री मोदी ने कहा कि देश की यह बडी और पुरानी पार्टी टुकडे-टुकडे गैंग की प्रमुख बन गई है। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर लॉकडाउन जारी रहने के बावजूद मुंबई में प्रवासी कामगारों को वापस अपने राज्य जाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे महामारी देश के कई राज्यों तक फैल गयी। उन्होंने दिल्ली में राजनीतिक दलों पर भी मजूदरों को पूर्णबंदी के बावजूद अपने स्थानों पर लौटने के लिए उकसाने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक नेताओं और जनता से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एन.डी.ए. शासन में भारत, कोविड महामारी के बावजूद तेजी से विकसित अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में रिकॉर्ड संख्या में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आ रहा है और आज भारत नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में पांच शीर्ष देशों में है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने विश्व के समक्ष अपने कोविड रोधी टीकों से महामारी का मुकाबला करने का मॉडल रखा है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग शत-प्रतिशत पात्र जनसंख्या को कोविड का पहला टीका और अस्सी प्रतिशत को दोनों टीके लग चुके हैं।