
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना में अग्निवीरों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इस बार की भर्ती में 20 फीसदी महिलाओं को स्थान दिया जाएगा।
तीन दिन में 10 हजार महिलाओं के आवेदन
नौसेना में भर्ती के लिए पहली जुलाई से भर्ती की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन लगातार जारी है। फिलहाल 3 हजार रिक्तियां निकाली गई हैं। लेकिन पहले 3 दिनों में ही नौसेना में भर्ती के लिए 10 हजार से ज्यादा महिलाओं के आवेदन इकट्ठा हो गए हैं।
नौसेना अधिकारियों ने जानकारी दी है कि ‘फिलहाल युद्धपोतों पर 30 महिला अधिकारियों को लीडरशिप पोजिशन दी गई है। नव चयनित महिला अग्निवीरों को ऑर्डिनेंस, इलेक्ट्रिकल एंड नेवल एयर मेकेनिक्स, कम्युनिकेशन एंड कम्युनिकेशन वारफेयर, गनरी वेपन्स एंड सेंसर्स डिपार्टमेन्ट में समायोजित किया जाएगा। ‘
नौसेना पहली बार वारशिप पर तैनाती के लिए महिला सेलर्स की भर्ती कर रही है। ये महिलाएं समुद्र के बीचोबीच ड्यूटी पर तैनात होंगी।
पास करनी होगी कड़ी परीक्षा
नौसेना में भर्ती के लिए महिलाओं को 8 मिनट में 1.6 किमी की दौड़ लगाकर फिजिकल टेस्ट पास करना होगा। इसी के साथ 15 उट्ठक बैठक और 10 बेंट नी सिट अप्स करने होंगे। आवेदन के लिए महिलाओं की लंबाई 152 सेमी होना अनिवार्य है।
अग्निवीर एसएसआर के पद पर भर्ती के लिए मैथ्स व फिजिक्स के साथ 12वीं पास होना चाहिए। इसके लिए 12वीं में केमिस्ट्री, बायोलॉजी या कंप्यूटर साइंस में से एक विषय होना जरूरी है। उम्मीदवारों की उम्र सीमा साढ़े 17 साल से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वहीं अग्निवीर एमआर में तीन कैटेगरी में भर्तियां हो रही हैं। ये हैं शेफ, स्टीवार्ड और हाईजिनिस्ट। इसके लिए योग्यता 10वीं पास रखी गई है। इसकी भी उम्र सीमा साढ़े 17 साल से 23 वर्ष के बीच है।

फाइल फोटो
अग्निवीर योजना का हुआ था विरोध
अग्निवीरों के चयन के लिए अग्निपथ योजना सेना ने 14 जून को लांच की थी। लेकिन इसके विरोध में पूरे देश में हिंसा होने लगी थी। लेकिन सेना झुकने को तैयार नहीं हुई और कह दिया गया कि किसी भी सूरत में यह योजना वापस नहीं ली जाएगी। अग्निवीर योजना के तहत युवा चार साल तक सेना में सेवा देंगे और इसके बाद 75 फीसदी लोग रिटायर हो जाएंगे। जबकि 25 फीसदी को स्थायी नौकरी मिलेगी।