
शिमला: हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर बेहद विशिष्ट शख्सियत के स्वामी हैं। वह एक बड़े संवैधानिक पद पर स्थित हैं। लेकिन देश के भविष्य यानी बच्चों के प्रति उनका स्नेह अद्भुत है। इसलिए वह अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकाल कर बच्चों के बीच बिताना पसंद करते हैं।
अचानक पहुंचे बच्चों के स्कूल
राज्यपाल अर्लेकर ने सोमवार की सुबह शिमला शहर के विकासनगर में सरस्वती विद्या मंदिर पाठशाला पहुंचकर सबको चौंका दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बातचीत की और उन्हें अच्छी किताबें पढ़ने की सलाह दी। राज्यपाल ने बच्चों को कहा कि वह देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित पुस्तकें पढ़ें।
राज्यपाल अर्लेकर विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम के तहत स्कूल पहुंचे थे।
राज्यपाल ने बच्चों को पढ़ाया
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर संवैधानिक प्रमुख होने के बावजूद एक शिक्षक की भूमिका में दिखाई दिए। उन्होंने नौवीं कक्षा के छात्रों की कक्षा का पूरी तरह संचालन किया। गर्मी की छुट्टियां बिताने के बाद जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो अपने बीच राज्यपाल को देखकर आश्चर्यचकित रह गए।
राज्यपाल महोदय ने छात्रों से उनकी छुट्टियों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी, पौधे लगाने और समाचार पत्र पढ़ने जैसे कई विषयों पर चर्चा की। राज्यपाल ने बच्चों को किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि पुस्तकें हमारी बौद्धिक संपत्ति और विरासत हैं। इनसे हमें ज्ञान मिलता है। उन्होंने कहा कि कई अलग अलग विषयों पर कई पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिन्हें छात्रों को जरुर पढ़ना चाहिए। ।
किताबें सबसे अच्छी दोस्त
राज्यपाल अर्लेकर ने बच्चों को समझाया कि किताबों से दोस्ती करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि अच्छी पुस्तकें जरुर रखें। यही नहीं राज्यपाल ने कक्षा में मौजूद छात्रों को किताबें भी भेंट कीं। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें विद्यार्थियों को इसलिए दी गईं हैं, ताकि उनमें पढ़ने की आदत विकसित हो सके। इसके बाद राज्यपाल ने स्कूल के शिक्षकों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तक मेलों आदि में ले जाने की व्यवस्था की जाए ताकि उनमें पुस्तकों के प्रति रुचि पैदा हो सके। राज्यपाल ने शिक्षकों से भी अनुरोध किया कि यह विषय माता-पिता के समक्ष रखना चाहिए।
गोवा के दिग्गज राजनेता रहे हैं अर्लेकर
राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर गोवा के रहने वाले हैं और पुराने राजनेता हैं। वह गोवा विधानसभा अध्यक्ष के अध्यक्ष थे। इसके पहले उन्होंने गोवा के वन और पर्यावरण एवं पंचायती राज मंत्री के तौर पर भी काम किया है। अर्लेकर हिमाचल प्रदेश के 28वें राज्यपाल हैं।