
पटना: भारतीय जनता पार्टी में नरेन्द्र मोदी के टक्कर की कोई और शख्सियत मौजूद नहीं है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगले आम चुनाव यानी 2024 में भाजपा की तरफ से पीएम मोदी ही प्रधानमंत्री पद का चेहरा होंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हुआ ऐलान
भारतीय जनता पार्टी के सात मोर्चों की संयुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को पटना में संपन्न हुई। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए। अमित शाह ने इस बैठक के समापन सत्र की अध्यक्षता की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भी 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक और जीत हासिल करने की दिशा में प्रयास करें।
वंचित तबकों को आगे बढ़ने का मौका
गृहमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘देश के इतिहास में पहली बार मोदी सरकार में गरीबों, पिछड़ों और वंचित समाज को आगे बढ़ने का मौका दिया जा रहा है। हमारी सरकार में हर समाज के मंत्री हैं। इसमें पिछड़ा, अति पिछड़ा, आदिवासी और दलित समाज के मंत्री भी शामिल हैं।’
शाह ने नवनिर्वाचति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ‘भाजपा समाज के सभी वर्गों के हितों का प्रतिनिधित्व करने में विश्वास करती है. वंचितों को आखिरकार उनका हक मिल रहा है, इसके लिए मोदी जी को धन्यवाद. एक आदिवासी महिला शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंच गई हैं।’
महासचिव अरुण सिंह ने दी जानकारी
भाजपा कार्यकारिणी की बैठक संपन्न होने के बाद बिहार की राजधानी पटना के ज्ञान भवन के अटल परिसर में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह के भाषण के बारे में मीडिया के सामने विस्तार से जानकारी दी।
अरुण सिंह ने बताया कि अमित शाह ने साफ तौर पर कहा है कि 2024 में फिर से नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे और भाजपा पिछले लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा सीटें 2024 के लोकसभा में जीतेगी। बकौल अरुण सिंह अमित शाह ने यह भी कहा कि 2025 तक नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे। भाजपा बिहार का विधानसभा चुनाव भी जदयू के साथ ही लड़ेगी। भाजपा-जदयू का गठबंधन विधानसभा के साथ लोकसभा चुनाव में भी जारी रहेगा।
आजादी के अमृत महोत्सव की तैयारी
भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में केरल, तमिलनाडु, मिजोरम और मेघालय जैसे दूर-दराज के राज्यों सहित देश भर से 600 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर देशभक्ति की भावना फैलाने के लिए 9 से 12 अगस्त तक यानी चार दिन जमकर मेहनत करें और इस मौके का उपयोग जनता के बीच देशभक्ति की भावना फैलाने के लिए करें।
पार्टी कार्यकर्ताओं से भी कहा गया है कि वे 2024 के चुनावों की तैयारी में जुट जाएं। शुरू कर दें और पीएम मोदी की लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी सुनिश्चित करें। उन्हें पिछली बार की तुलना में अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दिया गया है।
भाजपा ने साल 2019 में लोकसभा की 302 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार पार्टी दक्षिण भारत में अपने प्रसार के साथ जीती हुई सीटों की संख्या बढ़ाना चाहती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में जुटने के लिए कह दिया गया है।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने न्यायिक प्रक्रिया को आसान बनाने का आह्वान किया