ब्रेकिंग न्यूज़ 

हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका, कुलदीप बिश्नोई ने छोड़ा ‘हाथ’ का साथ

हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका, कुलदीप बिश्नोई ने छोड़ा ‘हाथ’ का साथ

चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस के मजबूत स्तंभ कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। वह आदमपुर से विधायक थे। वह 4 अगस्त को भाजपा का दामन थामेंगे।

कांग्रेसी दिग्गज हुड्डा को दी चुनौती

कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यंत्री और कांग्रेसी दिग्गज भूरेन्द्र सिंह हुड्डा को चुनौती दी है कि आदमपुर सीट से हुड्डा खुद मेरे सामने चुनाव लड़कर दिखाएं। अगर मैं चुनाव हारा तो राजनीति छोड़ दूंगा।

जिस समय कुलदीप बिश्नोई अपना इस्तीफा देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के पास पहुंचे, तब उनके साथ पूर्व विधायक रेणुका बिश्नोई, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, भाजपा विधायक दूड़ाराम और लक्ष्मण नापा भी दिखाई दिए। कुलदीप के इस्तीफे पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह उनके इस्तीफे की जांच करा रहे हैं। जल्दी ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

आदमपुर में होगा उपचुनाव

कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे की जांच होने के बाद चुनाव आयोग को उसकी सूचना दे दी जाएगी। जिसके बाद आयोग अधिसूचना जारी करेगा। विधायक के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर छह महीने के अंदर चुनाव होना जरुरी है। आदमपुर बिश्नोई परिवार का पुराना गढ़ रहा है। पिछले चुनाव में भाजपा ने वहां से सोनाली फौगाट को उतारा था। लेकिन वह भी कुलदीप को हरा नहीं पाईं। अब कुलदीप खुद भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जिसके बाद इस सीट पर खींचतान बढ़ जाएगी। आदमपुर में यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा उपचुनाव में अपनी पुरानी उम्मीदवार सोनाली फौगाट पर भरोसा करती है या फिर कुलदीप बिश्नोई पर दांव लगाती है।

कांग्रेस से बेहद नाराज हैं कुलदीप

हरियाणा में कांग्रेस पार्टी लगातार कुलदीप बिश्नोई को नजरअंदाज कर रही थी। वह हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनना चाहते थे। लेकिन कांग्रेसी दिग्गज भूपिंदर सिंह हुड्डा से उनकी पटती नहीं थी। जिसकी वजह से हुड्डा ने अपने समर्थक पूर्व विधायक उदयभान को हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष बनवा दिया। इससे कुलदीप नाराज हो गए।

कुलदीप ने मामले की शिकायत लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने की कोशिश की। लेकिन राहुल गांधी की तरफ से उनको मिलने का वक्त ही नहीं दिया गया। जिसके बाद कांग्रेस से कुलदीप की नाराजगी बेहद बढ़ गई।

हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन की बजाए निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा का समर्थन कर दिया था। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी से उन्हें निकालने की तैयारी शुरु हो गई थी। लेकिन इसके पहले कुलदीप ने खुद ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

कुलदीप बिश्नोई की मुलाकात गृहमंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से हो चुकी है।

ये भी पढ़ें- 2024 में भी मोदी मोदी

Leave a Reply

Your email address will not be published.