
नई दिल्ली: वामपंथ का झंडाबरदार एनडीटीवी अब पूंजीवाद की शरण में पहुंच गया है। एनडीटीवी में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी अडानी ग्रुप ने खरीद ली है।
अडानी के हाथ में एनडीटीवी
अडानी एंटरप्राइजेज ने मंगलवार यानी 23 अगस्त 2022 को यह जानकारी दी है कि अडानी ग्रुप ने एनडीटीवी में अप्रत्यक्ष रूप से 29.18 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का फैसला किया है। यह इस मीडिया हाउस की 26 फीसदी और हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर भी लॉन्च करेगी।
अप्रैल में अडानी ने खोली थी मीडिया कंपनी
27 अप्रैल 2022 को अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने एएमजी मीडिया (AMG Media Network) नेटवर्क की स्थापना की थी। यह अडानी ग्रुप का मीडिया इंडस्ट्री में पहला कदम था। उस समय कहा गया था कि एईएल की सब्सिडियरी कंपनी जल्द ही मीडिया से संबंधित गतिविधियों में अपना कारोबार शुरू करेगी।
अडानी ग्रुप द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक एएमजी मीडिया नेटवर्क का उद्देश्य मीडिया से संबंधित गतिविधियों का व्यवसाय करना होगा। इसमें प्रकाशन, विज्ञापन, प्रसारण, वितरण अन्य सेगमेंट शामिल हैं। एएमजी मीडिया की स्थापना के लगभग चार महीने के बाद अडानी ग्रुप ने जानकारी दी है कि उन्होंने एनडीटीवी में बड़ा शेयर खरीद लिया है।
भास्कर ग्रुप से भी अडानी की डील
गौतम अडानी की कंपनी ने दैनिक भास्कर अखबार छापने वाली कंपनी की कर्ज में डूबी कंपनी डीबी पावर में भी पैसा लगाया है। चार दिन पहले यानी 19 अगस्त 2022 को दी गई जानकारी के मुताबिक गौतम अडानी ने भास्कर ग्रुप से समझौता किया। जिसके मुताबिक डीबी पावर को 7017 करोड़ रुपए में खरीदा जाएगा। एमओयू की प्रारंभिक अवधि 31 अक्टूबर, 2022 तक अधिग्रहण के पूरा होने तक होगी, जिसे आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता है।