
मुंबई: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई है। उनकी कार एक डिवाइडर से टकरा गई। मिस्त्री अपनी मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे।
पुल पर हुआ हादसा
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना दोपहर बाद लगभग 3.15 बजे हुई। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ. इस हादसे में मिस्त्री के साथ यात्रा कर रहे दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कार चालक महिला भी शामिल है।
चालक की गलती से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि कार को मुंबई की एक डॉक्टर चली रही थीं। हादसे के समय कार की रफ्तार बेहद तेज थी। चालक ने गलत दिशा से एक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करना चाहा। इस दौरान कार डिवाइडर से टकरा गई।
कुछ इस तरह हुई दुर्घटना
सायरस मिस्त्री की मर्सडीज कार 55 वर्षीय अनाहिता पंडोले चला रही थीं। जबकि उनके पति डेरिसयस पंडोले, उनके भाई जहांगीर पंडोले और सायरस मिस्त्री कार में बैठे हुए बातें कर रहे थे। कार में कुल 4 लोग सवार थे।
इस हादसे में जहांगीर पंडोले और सायरस मिस्त्री की मौत हो गई है। जबकि अनाहिता और डेरियस बुरी तरह घायल हो गए हैं। महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस से मामले की विस्तृत जांच करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को उस सड़क दुर्घटना की विस्तृत जांच करने को कहा गया है, जिसमें सायरस मिस्त्री की मौत हुई है।
कौन हैं कार चलाने वाली महिला डॉक्टर
हादसे के समय सायरस मिस्त्री की कार डॉ. अनाहिता पंडोले चला रही थीं। वह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ सलाहकार हैं। उनके पास बतौर स्त्री रोग विशेषज्ञ 18 सालों से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने मुंबई के जसलोक अस्पताल में भी काम किया है। अनाहिता पंडोले ने टीएनएमसी एंड बीवाईएल नायर अस्पताल से एमबीबीएस और एमडी किया है। इसके अलावा डॉ. पंडोले जियो पारसी कार्यक्रम और पारसी पंचायत से जुड़े हुई हैं। अनाहिता के पति का नाम डेरियस पंडोले है, जो कि JM फाइनेंशियल के CEO हैं।
व्यापार जगत के बड़े नाम थे सायरस मिस्त्री
सायरस मिस्त्री को 2011 में रतन टाटा के उत्तराधिकारी के तौर पर चुना गया था। इससे पहले भी वो प्रमुख कारोबारी समूह शापूरजी पालोंजी मिस्त्री कंपनी से जुड़े थे। चार जुलाई 1968 को मुंबई में जन्मे सायरस के पिता पालोंजी मिस्त्री भी बहुत बड़े बिजनेस टायकून थे।