ब्रेकिंग न्यूज़ 

7 सितंबर 2022 की सभी प्रमुख खबरें एक साथ

7 सितंबर 2022 की सभी प्रमुख खबरें एक साथ

नई दिल्ली: 7 सितंबर की कुछ बड़ी खबरें इस प्रकार हैं।

गुलाम मानसिकता से मुक्ति

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित सेंट्रल विस्टा एवेन्यू क्षेत्र में आने वाले राजपथ का नाम अब कर्तव्यपथ होगा। इसके लिए नई दिल्ली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन में प्रस्ताव पास किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को कर्तव्य पथ का नामकरण और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी आठ सितंबर की शाम को पूरे क्षेत्र का उद्घाटन करेंगे,जिसका सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत विकास किया गया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद यानी एनडीएमसी ने राजपथ और सेंट्रल विस्टा लॉन का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ करने के लिए सात सितंबर को एक विशेष बैठक बुलाई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में औप निवेशिक सोच दर्शाने वाले प्रतीकों को समाप्त करने पर जोर दिया था। जिसके बाद राजपथ का नाम बदला गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मंगोलिया दौरा

राजनाथ सिंह मंगोलिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय रक्षा मंत्री बन गए हैं। उनको मंगोलिया के राष्ट्रपति ने बुधवार को उपहार में एक घोड़ा दिया। सात वर्ष पहले मंगोलिया की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ऐसा ही तोहफा मिला था। राजनाथ सिंह ने उपहार में मिले सफेद घोड़े की तस्वीर को ट्विट किया और लिखा कि मंगोलिया में मेरे खास दोस्तों की ओर से दिया गया विशेष उपहार, मैंने इस सुंदर घोड़े का नाम तेजस रखा है,राष्ट्रपति खुरेल-सुख को धन्यवाद, मंगोलिया को धन्यवाद।


अपनी मंगोलिया की यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को वहां के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान आपसी विश्वास, साझा हितों, लोकतंत्र के साझा मूल्यों एवं कानून के शासन पर आधारित द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को पूरी तरह लागू करने का निर्णय लिया गया। राजनाथ सिंह ने मंगोलिया की राजधानी उलान-बटोर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में भारत की सहायता से निर्मित साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया और भारत की मदद से बनने वाले भारत-मंगोलिया मैत्री स्कूल की आधारशिला रखी।

कांग्रेस पार्टी की यात्रा

कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू कर चुकी है, जिसकी अगुवाई राहुल गांधी कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी इस यात्रा को गैर-राजनीतिक बता रही है। लेकिन इसका सियासी मकसद जगजाहिर है। खबर है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की री-लॉन्चिंग करने की कोशिश में है। यानी 2024 के आम चुनाव से पहले उनको कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस का राहुल गांधी पर ये सबसे बड़ा सियासी दांव है। पिछले 10 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। 2019 के लोकसभा चुनाव की हार के दौरान भी राहुल गांधी ही अध्यक्ष थे। सियासत के मैदान में राहुल भले दो दशक से सक्रिय हों, लेकिन चुनावी राजनीति में अभी तक कोई बड़ा कारनामा नहीं कर पाए हैं। ऐसे में उनके नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं और कई कांग्रेस नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं। कांग्रेस के बिखरते जनाधार को एकजुट के मकसद से शायद राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले हैं। उनकी यह यात्रा पांच महीने तक चलेगी।

संजय सिंह ने फाड़ा उप राज्यपाल का नोटिस

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उपराज्यपाल के बीच लड़ाई हर रोज बढ़ती जा रही है। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आप नेताओं को कानूनी नोटिस भेजा था। लेकिन उसे आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने फाड़कर फेंक दिया। संजय की इस हरकत पर बवाल मचना तय माना जा रहा है। उपराज्यपाल ने आप नेताओं पर उनके खिलाफ झूठ बोलने और अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर मानहानि नोटिस भेजा था। जिसपर उन्होंने 48 घंटे के अंदर आम आदमी पार्टी के नेताओं से जवाब मांगा था।

नोटिस फाड़ने के बाद संजय सिंह ने कहा कि ‘किसी चोर, भ्रष्ट आदमी के नोटिस भेजने से मैं डरने वाला नहीं हूं। मैं ऐसे नोटिस को फाड़कर फेंक रहा हूं। ऐसे नोटिस को मैं 10 बार फाड़कर फेंकता हूं। तुम अगर सोचते हो कि तुम लूट करोगे, भष्टाचार करोगे और तुम्हारे भ्रष्टाचारों को इन नोटिसों के नीचे दबा लोगे। ये संभव नहीं है। भारत का संविधान मुझे सच बोलने का अधिकार देता है… मैं देश के सर्वोच्च सदन का सदस्य हूं।’

देश में 100 जगहों पर पड़े छापे

राजस्थान के कई मंत्रियों समेत देशभर के 100 ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। वहीं बंगाल के कानून मंत्री के घर CBI का छापा पड़ा है। खबर है कि यह छापे पॉलिटिकल फंडिंग से जुड़े मामलों को लेकर किए जा रहे हैं। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने महाराष्ट्र और उत्तराखंड समेत कई ठिकानों में छापेमारी की है। इसमें से मिड डे मील के जरिए कमाई करने वालों के खिलाफ भी आई-टी की रेड डाली गई है। यह छापे महाराष्ट्र और उत्तराखंड के अलावा राजस्थान और कर्नाटक में भी डाले गए हैं। राजस्थान में डाले गए छापों में इनकम टैक्स के करीब 300 से ज्यादा अधिकारी, करीब 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ के जवानों को शामिल किया गया। पश्चिम बंगाल में सीबीआई की टीम ने छापेमारी की है। यह छापेमारी कोयला घोटाला मामले में बंगाल के कानून और श्रम मंत्री मलय घटक के आवास और ठिकानों पर की गई है।

कार में पीछे बैठने वाले सावधान

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार वाहन निर्माताओं के लिए पिछली सीटों के लिए भी सीट बेल्ट अलार्म सिस्टम लगाना अनिवार्य करने की योजना बना रही है। फिलहाल सभी वाहनों में केवल आगे की सीट पर बैठे यात्रियों के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर देने की व्यवस्था है। गडकरी ने कहा कि ‘अब कार में बैठने वाले हर एक व्यक्ति को सीट बेल्ट लगानी होगी। कार दुर्घटना में साइरस मिस्त्री की मौत के कारण, हमने निर्णय लिया है कि पीछे की सीटों के लिए भी वाहनों में सीट बेल्ट बीप सिस्टम होगा।’


टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनकी कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि पिछली सीटों पर बैठे यात्रियों के सीट बेल्ट नहीं पहनने पर केंद्रीय मोटर वाहन नियम के तहत 1,000 रुपये का जुर्माना लगता है लेकिन ज्यादातर लोग इस नियम से अनजान हैं। यहां तक कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी सीट बेल्ट नहीं लगाने पर पीछे की सीटों पर बैठे यात्रियों पर कभी जुर्माना नहीं लगाते हैं।

असम के मुसलमानों ने ढहाया मदरसा

असम के गोलपारा में वहां मुसलमानों ने ही मदरसे को गिरा दिया। स्थानीय लोगों को इस बात की भनक लगी कि मदरसे की आड़ में यहां आतंकी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिसके बाद नाराज लोगों ने मदरसे को गिरा दिया। इस मदरसे के एक शिक्षक को अल-कायदा के साथ कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जबकि उसके दो अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि हमें मदरसे को ढहाए जाने की पहले से कोई जानकारी नहीं थी।

गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस में भगदड़

गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका लगा है। गुजरात युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह वाघेला बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने कुछ दिन पहले ही गुजरात युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। विश्वनाथ सिंह वाघेला बीजेपी की गुजरात इकाई के गांधीनगर स्थित मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में सत्तारूढ़ दल में शामिल हुए। गुजरात में इस साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसे देखते हुए विश्वनाथ सिंह वाघेला का बीजेपी में शामिल होना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। वाघेला ने राहुल गांधी के गुजरात दौरे से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। विश्वनाथ सिंह वाघेला ने कहा कि कांग्रेस में कई युवा नेता पार्टी में ‘समूहवाद’और ‘भाई-भतीजावाद’के कारण नाखुश थे।

देश भर के छात्रों पर हुआ सर्वे

NCERT ने देश के 3.79 लाख छात्रों का मेंटल हेल्थ सर्वे किया है। जिससे पता चला है कि भारत के छठी से 12वीं तक के 73 फीसदी छात्र स्कूली जीवन से संतुष्ट हैं। वहीं 33 फीसदी छात्र ऐसे हैं जो कि दबाव महसूस करते हैं। मेंटल हेल्थ सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक 29 फीसदी छात्रों में एकाग्रता की कमी है। जबकि 43फीसदी छात्रों का मन पढ़ाई में नहीं लगता। कोरोना महामारी के दौरान और उसके बाद ऑनलाइन पढ़ाई पर जोर दिया गया था।

सर्वे में यह भी सामने आया कि 51 फीसदी छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई में कठिनाई का सामना करना पड़ा। वहीं, 28 फीसदी छात्र सवाल पूछने में झिझकते हैं। इस सर्वे में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के छात्र शामिल हुए। कोरोना महामारी के बाद से देश में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य का आकलन करने के लिए केंद्र द्वारा किया गया यह पहला सर्वे है।

दिल्ली में पटाखों पर पाबंदी

दिल्ली में इस बार भी बिना पटाखों के दिवाली मनाई जाएगी। क्योंकि पटाखों पर एक जनवरी, 2023 तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पटाखों के उत्पादन, बिक्री, भंडारण व इस्तेमाल पर एक जनवरी 2023 तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि पटाखों की ऑनलाइन बिक्री पर भी यह प्रतिबंध लागू होता है, ताकि लोगों की जिंदगी बचाई जा सके। यह प्रतिबंध एक जनवरी 2023 तक लागू रहेगा। इस प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने को लेकर दिल्ली पुलिस, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति और राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्य योजना तैयार करेंगे।

दिल्ली सरकार ने पिछले साल भी 28 सितंबर से एक जनवरी 2022 तक राष्ट्रीय राजधानी में पटाखों की बिक्री और उनके इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। पटाखे जलाने से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के लिए शहर की सरकार ने ‘पटाखे नहीं, दीये जलाओ’ अभियान भी शुरू किया था। पटाखों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों और विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।

ब्रिटेन का अगला गृहमंत्री भारतीय

ब्रिटेन की नव नियुक्त प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने भी एक भारतीय पर भरोसा किया है। उन्होंने भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन को गृह मंत्री नियुक्त किया है। इस बात की घोषणा मंगलवार को की गई। सुएला ब्रेवरमैन कंजर्वेटिव पार्टी की नेता हैं। वह चुनाव की शुरुआत में ट्रस के खिलाफ खड़ी हुई थीं। लेकिन मुकाबले से बाहर होने के बाद ब्रेवरमैन ने पूर्व वित्त मंत्री एवं भारतीय मूल के ऋषि सुनक के बजाय ट्रस को अपना समर्थन दिया था। ब्रेवरमैन गोवा और तमिलनाडु से संबंध रखती हैं। 42 वर्षीय ब्रेवरमैन प्रीति पटेल की जगह लेंगी। प्रीति पटेल ने सोमवार को कार्यवाहक प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

ट्रस की टीम में थेरेसी कॉफे को उप प्रधानमंत्री और क्वासी को वित्त मंत्री बनाया गया है। जेम्स क्लेवेरली को विदेश मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। वेंडी मॉर्टन को ट्रेजरी की संसदीय मंत्री नियुक्त किया गया है और वह टोरी दल की पहली मुख्य सचेतक बन गई हैं।

ब्रिटेन में हिंदू समुदाय पर हमला

ब्रिटेन में पाकिस्तानी मुस्लिम हिंदुओं के घरों को निशाना बना रहे हैं। पिछले कई दिनों से लीसेस्टर में हिंदुओं के घरों को इस्लामिक कट्टरपंथियों ने निशाना बनाया है। पाकिस्तानी मुस्लिम गैंग बना कर हिंदुओं को टारगेट कर रहे हैं। ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें दिख रहा है कि गैंग बना कर हिंदुओं के घरों के आगे तोड़फोड़ की जा रही है। एक वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स घर के आगे लगे केसरिया ध्वज को उखाड़ कर ले जा रहा है। वहीं एक दूसरे वीडियो में एक शख्स पर चाकू से हमले की भी कोशिश की गई। लंदन के बेलग्रेव रोड पर रेस्टोरेंट चलाने वाले धर्मेश लखानी ने बताया कि ‘जीत के बाद सेलिब्रेशन सही चल रहा था। लेकिन तभी खबर आई कि किसी भी भारत के झंडे पर भारत विरोधी स्टांप लगा दिया है। भारतीय फैंस को लगा कि ये कोई पाकिस्तानी है, जिसके बाद पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे। इसके बाद पाकिस्तानी और भारतीय फैंस आपस में भिड़ गए। बुरी बात ये है कि ब्रिटिश पुलिस इस झगड़े में सिर्फ मूकदर्शक बनकर देखती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.